Monday, November 4, 2013

मंगल ग्रह को करीब

 चंद्रयान के बाद अब मंगलयान की बारी है। मंगल ग्रह को करीब से जानने की यह कोशिश अगर कामयाब होती है तो भारत अंतरिक्ष के मामले में एक बड़ी ताकत बनकर उभरेगा। जाहिर है,
अभी तक अमेरिका, रूस और यूरोप के कुछ देश (संयुक्त रूप से) ही मंगल की कक्षा में अपने यान भेज पाए हैं। चीन और जापान इस कोशिश में अब तक कामयाब नहीं हो सके हैं। रूस भी अपनी कई असफल कोशिशों के बाद इस मिशन में सफल हो पाया है। अब तक मंगल को जानने के लिए शुरू किए गए दो तिहाई अभियान नाकाम साबित हुए हैं। भारत इस अभियान को अपने दम पर अंजाम तक पहुंचाने की ख्वाहिश रखता है और पूरी दुनिया की नजरें इस पर लगी हुई हैं।
मंगलयान को पिछले महीने 19 अक्टूबर को छोडे़ जाने की योजना थी, लेकिन दक्षिण प्रशांत महासागर क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण यह काम टाल दिया गया। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) ने अब आज यानी 5 नवंबर को इसे दिन में 2 बजकर 38 मिनट पर छोड़ने का फैसला किया है। इस अभियान को मार्स ऑर्बिटर मिशन नाम दिया गया है। भारत के इस मिशन के लिए सरकार ने इसरो को 3 अगस्त 2012 को मंजूरी दी थी। वैसे, इसके लिए 2011-12 के बजट में ही फंड का प्रावधान कर दिया गया था। भारत की जनता के साथ ही देश के स्पेस साइंटिस्ट्स इस अभियान को लेकर खासे उत्साहित हैं।

Sunday, November 3, 2013

शुभकामनायें

दीप पर्व की शुभकामनायें 

Monday, October 28, 2013

मोटापा तेजी से फैल रहा है

भारत में मोटापा तेजी से फैल रहा है। शहरी इलाकों में तो यह बीमारी बेकाबू हो गई है। ऐसे में अगर अब भी जागरूक नहीं हुए तो स्थिति काफी भयावह हो सकती है। कोलंबिया एशिया हॉस्पिटल में आयोजित गोष्ठी में बैरियाट्रिक सर्जन डॉ. सुशील फोतेदार ने बताया कि भारत में मोटापा से पीडि़त मरीजों की संख्या तीन करोड़ से ज्यादा हो चुकी है और इनमें ज्यादातर शहरी इलाकों में रहने वाले ही हैं। मोटापा से शरीर में न सिर्फ कई तरह की गड़बडि़यां होती हैं, बल्कि शरीर में कई बीमारियां भी पैदा हो जाती हैं। मोटापे से पीडि़त मरीज को हार्ट अटैक, डायबिटीज, हारपरटेंशन और कई प्रकार के कैंसर की बीमारी भी हो जाती है। मोटापा का सबसे बड़ा कारण शारीरिक श्रम की कमी और व्यायाम न करना है। आनुवांशिक कारणोंे और खानपान की खराब आदत से भी मोटापा हो जाता है। 

Tuesday, October 8, 2013

फांसी नहीं- उम्रकैद

 तंदूर कांड के दोषी सुशील शर्मा को फांसी नहीं होगी। सुप्रीम कोर्ट ने इस कांग्रेस नेता की सजा मंगलवार को उम्रकैद में बदल दी। गौरतलब है कि इस मामले में निचली अदालत ने आरोपी सुशील शर्मा को फांसी की सजा सुनाई थी। इसके बाद सुशील शर्मा ने हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। हाई कोर्ट ने फांसी की सजा कन्फर्म की थी जिसके बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट में आया था। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले महीने इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था।

गौरतलब है कि 2 जुलाई, 1995 को दिल्ली के मंदिर मार्ग इलाके में रहने वाली नैना साहनी को सुशील शर्मा ने गोली मारी थी और बाद में लाश को उसे टुकड़े टुकड़े कर तंदूर में जला दिया था। पुलिस ने उसके अधजले शव बरामद किए थे। इस मामले में सुशील शर्मा को आरोपी बनाया गया और बाद में उसे फांसी की सजा सुनाई गई।

Tuesday, September 24, 2013

छठ पूजा पर बिहार जाने वाली सभी ट्रेनें फुल

 दशहरा-दिवाली और छठ पूजा पर बिहार जाने वाली सभी ट्रेनें फुल हो चुकी है। यात्रियों को केवल तत्काल टिकटों का सहारा है। इस स्थिति के मद्देनजर रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाने का प्लान बना रहा है, ताकि वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत मिल सके। नई दिल्ली से बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में बिहार संपर्क क्रान्ति, सप्तक्रान्ति, सदभावना, श्रमजीवी, आम्रपाली एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, लालकिला एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, ब्रहमपुत्र मेल, फरक्का एक्सप्रेस सहित सभी ट्रेनों में त्योहारों पर सीट खाली नहीं है। सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से यात्री खासे परेशान है। 
रेलवे प्रशासन को भी इसका अहसास है। इसलिए दशहरा, दीपावली और छठ पूजा पर स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे बोर्ड को प्रपोजल भेजा गया है। उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली से बिहार में विभिन्न जगहों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का मसौदा तैयार किया है। इन स्पेशल ट्रेनों की मंजूरी मिलते ही इनकी कम्प्यूटर में फीडिंग कर दी जाएगी। सीपीआरओ नीरज शर्मा ने बताया कि अगले 2 महीने में कई प्रमुख त्योहार होने के कारण ट्रेनों में अचानक भीड़ बढ़ गई है। निकासी के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रपोजल बनाया जा रहा है जिससे यात्रियों को राहत मिल सके। जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जायेगी। 
हालांकि एनआर लखनऊ डिवीजन ने स्पेशल ट्रेन चलाने की कोई घोषणा अभी नहीं की है लेकिन माना जा रहा है कि दीपावली के बाद भैया दूज में नई दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन चला सकती है। जिससे दीपावली के बाद अपने नौकरी स्थल पर जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सकती है। सीनियर डीसीएम अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि अभी इस बारे में कुछ तय नहीं किया गया है, लेकिन वेटिंग लिस्ट को देखकर उत्तर रेलवे मुख्यालय से स्पेशल ट्रेन को चलाने के लिए अनुमति मांगी जाएगी। 

Thursday, September 19, 2013

शीर्ष पुलिस अधिकारी एडीजी (लॉ ऐंड ऑर्डर) अरुण कुमार यूपी में काम नहीं करना चाहते

 मुजफ्फरनगर दंगे को लेकर चौतरफा घिरी उत्तर प्रदेश सरकार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। दंगे के दौरान मुजफ्फरनगर में कैंप करके मुस्तैदी से काम करते दिखे उत्तर प्रदेश के शीर्ष पुलिस अधिकारी एडीजी (लॉ ऐंड ऑर्डर) अरुण कुमार यूपी में काम नहीं करना चाहते हैं। प्रतिनियुक्ति पर केंद्र में जाने की अर्जी देने के बाद वह छुट्टी पर चले गए हैं। हालांकि, उन्होंने अर्जी करीब दो महीने पहले दी थी, लेकिन हाल में स्‍मरण पत्र देने से बुधवार को सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया। सूत्रों का कहना है कि मौजूदा राजनीतिक हालात में वह अपने को फिट नहीं पा रहे हैं।
एडीजी लॉ ऐंड ऑर्डर के पद पर उनकी तैनाती सीएम अखिलेश यादव ने पिछले साल नवम्बर में उस वक्त की थी, जब प्रदेश में कई जिलों में हालत काफी तनाव पूर्ण थे। तब यह उम्मीद थी कि अरुण कुमार पुलिसिया कार्यशैली में बदलाव लाएंगे। अपनी कार्यशैली को लेकर पहचाने जाने वाले अरुण कुमार ने पदभार संभालने के बाद बीटवार ड्यूटी लगाने से लेकर वैज्ञानिक तरीके से तफ्तीश को बढ़ावा देने समेत कई अहम कदम उठाए, लेकिन उनके कुछ फैसलों को दरकिनार कर सरकार द्वारा की गई कार्रवाई से वह असहज महसूस करने लगे।
खासतौर से गोंडा के तत्कालीन एसपी नवनीत राणा के मामले में जो कुछ हुआ उससे वह काफी असहज थे। राणा ने उनके कहने पर प्रदेश सरकार के मंत्री के करीबी पशु तस्कर के खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन किया, लेकिन बाद में मंत्री के दबाव के चलते राणा को ही हटा दिया गया। सुभाष चंद्र दुबे को भी वह मुजफ्फरनगर खुद लेकर गए थे, लेकिन दुबे के निलंबन से उनको झटका लगा। डीएसपी जियाउल हक की हत्या के बाद उनकी सख्ती भी सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं को नागवार गुजरी। कुछ ऐसा ही नोएडा के एसएसपी शलभ माथुर के मामले में भी हुआ।

Saturday, September 14, 2013

हिन्दी ! भारत- माता के माथे की बिंदी

हिन्दी ! भारत- माता के माथे की बिंदी ! सभी हिन्दी भाषियों को हिदी दिवस की शुभकामनायें ,एवं अहिन्दी भाषियों को हिन्दी भाषा अपनाने का आवाहन ! जय हिन्दी !