Friday, June 14, 2013

मुंबई को उसके पूर्वी उपनगरों से जोड़ने वाली अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना 'ईस्टर्न फ्री-वे' का उद्घाटन




मुंबई को उसके पूर्वी उपनगरों से जोड़ने वाली अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना 'ईस्टर्न फ्री-वे' का उद्घाटन गुरुवार को दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण करेंगे। दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके से लगे ऑरेंज गेट से लेकर चेंबूर से लगे पांजरापोल तक का 13.59 किलोमीटर हिस्सा जनता के इस्तेमाल से लिए खोला जाएगा। अनुशक्ति नगर से लगी 4.3 किलोमीटर सुरंग इसमें शामिल है। 550 मीटर चौड़ाई में आनेजाने के लिए अलग-अलग डबल सुरंगों का निर्माण किया गया है। कुल 1200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्री-वे में पांजरापोल से लेकर घाटकोपर तक की तीन किलोमीटर सड़क जोड़ना अभी बाकी है। अगले महीने से इसका निर्माण शुरू होना है। 

ट्रैफिक समस्या हल होगी: सरकारी सूत्रों ने बताया कि चार किलोमीटर लंबी इस तरह की सुरंग फिलहाल भारत के किसी भी शहरी इलाके में नहीं है। निर्माण पूरा होने के बाद यह देश का जमीन के ऊपर गुजरने वाला दूसरा बड़ा ऐलिवेटिड रोड़ बन जाएगा। फ्लाइओवर की तरह का 9.5 किलोमीटर ऐलिवेटिड हिस्सा 313 खम्भों पर खड़ा किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि रोजाना 25 हजार वाहन इस फ्री-वे का इस्तेमाल करेंगे। इसकी वजह से दादर-लालबाग और सायन का ट्रैफिक कम होगा। पोर्ट ट्रस्ट के हिस्से वाले पोर्ट रोड़ और उसके नजदीक के ट्रकों की आवाजाही वाले पी. डिमोलो रोड़ पर भी ट्रैफिक की समस्या कम होगी। 

नौ जगह जुड़ेगा: इस फ्री-वे का इस्तेमाल करने वाले नौ अलग-अलग जगहों से इस पर पहुंच सकेंगे। किंगसर्कल, माटुंगा, दादर, सायन, वडाला, फाइव गार्डन, प्रभादेवी, वरली और शिवडी- वडाला- चेंबूर से इस उन्नत फ्री-वे पर चढ़ा जा सकेगा। मुख्य शहर के कुलाबा, नरिमन पॉइंट, मलाबार हिल, मुंबई सेंट्रल, फोर्ट, क्रॉफर्ड मार्केट, मस्जिद, ताडदेव, कालबादेवी, गिरगांव इलाकों के वाहनों को इस तक पहुंचने के लिए ऑरेज गेट तक आना होगा। जोगेश्वरी -विक्रोली लिंक रोड़ और सायन-धारावी रोड़ के वाहन भी इसका उपयोग कर सकेंगे। साल के अंत तक सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड़ के पूरे हो जाने पर पश्चिमी सबर्ब के वाहन भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। 

Thursday, June 6, 2013

राज कुंद्रा का पासपोर्ट जब्त

 बॉलिवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और राजस्थान रॉयल्स के मालिकों में शामिल राज कुंद्रा की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। स्पेशल सेल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक राज कुंद्रा का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। जांच पूरी होने तक वह विदेश की उड़ान नहीं भर पाएंगे। इसके अलावा स्पेशल सेल राज कुंद्रा के मोबाइल के तीन महीने के कॉल डीटेल्स खंगालने में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में कुंद्रा ने सट्टेबाजी में शामिल होने की बात कबूल की है। दिल्ली पुलिस आज फैसला करेगी कि कुंद्रा के खिलाफ सट्टेबाजी का मामला दर्ज किया जाए या नहीं।

राज कुंद्रा को स्पेशल सेल ने बुधवार सुबह लोधी कॉलोनी स्थित अपने दफ्तर में आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के राज जानने के लिए बुलाया था। सुबह 10 बजे से पूछताछ शुरू की गई और देर रात तक जारी रही। सूत्रों के मुताबिक, आज फिर स्पेशल सेल कई राउंड सवाल जवाब राज कुंद्रा से करने वाली है। सूत्रों ने यहां तक बताया कि कल हुई पूछताछ में राज ने सट्टेबाजी की बात कबूल की है। हालांकि, इस बारे में सीनियर ऑफिसर बताने से कतराते रहे।

राज कुंद्रा और बिजनेसमैन दोस्त उमेश गोयनका से राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेटर सिद्धार्थ त्रिवेदी के सामने बिठाकर सच का सामना कराया गया। आज फिर स्पेशल सेल ने बुलावा भेजा है। सूत्र के मुताबिक सट्टेबाजी के अलावा, स्पॉट फिक्सिंग और उनके लिंक कहां तक जुड़े हैं, इससे जुड़े सवालों की लंबी फेहरिस्त सेल के सीनियर ऑफिसरों ने आधी रात को तैयार की है।

Tuesday, May 28, 2013

तमिल फिल्मों की ऐक्ट्रेस लीना मारिया पॉल-गिरफ्तार



करीब 20 करोड़ रुपये की चीटिंग में वॉन्टेड तमिल फिल्मों की ऐक्ट्रेस लीना मारिया पॉल को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन उसका बॉयफ्रेंड और चीटिंग का मास्टरमाइंड बालाजी फरार हो गया।

लीना मारिया पॉल (25) ने हिन्दी और साउथ इंडियन फिल्मों में ऐक्टिंग की है। उसने मद्रास कैफे, थाउजैंड्स इन गोवा, कोबरा और रेड चिलीज आदि फिल्मों में रोल किए हैं। उसकी स्कूली पढ़ाई दुबई में हुई थी। उसका परिवार दुबई में रहता है। वह बीडीएस करने के बाद मॉडलिंग करने लगी थी। दो साल से वह ऐक्टिंग कर रही थी।

डीसीपी (साउथ) भोला शंकर जायसवाल के मुताबिक, चेन्नै पुलिस लीना और उसके बॉयफ्रेंड बालाजी शेखर रेड्डी की तलाश में दिल्ली आई हुई थी। उनकी मदद के लिए साउथ दिल्ली पुलिस की टीम बनाई गई। पुलिस को जानकारी मिली कि लीना और बालाजी वसंत कुंज के ऐंबियंस मॉल में आए हुए हैं। मॉल के बाहर पुलिस को लीना की सुरक्षा में छह बाउंसर खड़े मिले। लीना को महिला पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। बाउंसरों ने इसका विरोध किया। पुलिसकर्मियों ने सभी बाउंसरों को भी दबोच लिया। उनकी तलाशी में लाइसेंसी पिस्तौलें बरामद हुईं।

Thursday, May 23, 2013

अब हम रीयल एस्टेट के बिजनस में हैं।


 आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग को लेकर डी कंपनी का नाम लिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इस पूरे रैकेट का रिमोट कंट्रोल दुबई से ऑपरेट करने वाली डी कंपनी के पास है। लेकिन, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गैंग ने स्पॉट फिक्सिंग से किसी भी तरह का कनेक्शन होने से इनकार किया है। दाऊद के दाहिने हाथ छोटा शकील ने मंगलवार को हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को फोन करके बताया कि मीडिया ने ही 'भाई' का नाम इस विवाद में घसीटा है। शकील ने कहा कि भाई को सट्टेबाजी से मिली हराम की कमाई की जरूरत नहीं है।

छोटा शकील ने माना कि पहले डी कंपनी सट्टेबाजी और हवाला कारोबार से भी जुड़ी हुई थी। उसके मुताबिक हैंसी क्रोन्ये वाली कंट्रोवर्सी के दौरान हम इस धंधे में थे, लेकिन अब भाई की फैमिली का कोई मेंबर और अनीस भी इसमें शामिल नहीं है। छोटा शकील ने कहा, 'शुरू में हमारा गैंग सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग में बेशक शामिल था, लेकिन अब हम इस धंधे को छोड़ चुके हैं। पहले भाई का भरोसेमंद शरद अन्ना (शेट्टी) इस काम को संभालता था। 2002 में अन्ना की मौत के बाद से हमने इस धंधे से किनारा कर लिया था। भाई ने भी हमें सट्टे से दूर रहने की कड़ी हिदायत दी है। अब हम रीयल एस्टेट के बिजनस में हैं। क्या आपने पिछले कुछ सालों में सुना कि हमने किसी को धमकी दी हो?'

छोटा शकील से जब सट्टेबाज सुनील दुबई से डी कंपनी के रिश्तों के बारे में पूछा गया तो जवाब मिला, 'हम उसकी तरह ही सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग करने वाले बहुत से लोगों को जानते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम इस धंधे से जुड़े हुए हैं। अब हम काफी आगे बढ़ चुके हैं और ये चीज़ें काफी पीछे छूट गई हैं। अब हम रीयल एस्टेट और दूसरे वाइट बिजनस में काफी अच्छा कर रहे हैं। भाई सट्टेबाजी से आने वाली ये हराम की कमाई नहीं चाहते।'

Thursday, April 18, 2013

जुलाई 2010 की अधिसूचना रद्द


 इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने उत्तर प्रदेश में छत्रपति शाहूजी महाराज नगर (अमेठी) नामक नया जिला बनाने संबंधी पूर्ववर्ती मायावती सरकार की जुलाई 2010 की अधिसूचना सोमवार को रद्द कर दी।

मुख्य न्यायाधीश शिवकीर्ति सिंह और न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार अरोरा की खंडपीठ ने इस मामले में लंबित याचिकाओं पर यह फैसला दिया। ये याचिकाएं बृजकिशोर वर्मा तथा अन्य ने दायर की थीं।

मायावती सरकार ने सुलतानपुर जिले की अमेठी, गौरीगंज और जगदीशपुर तीन तहसीलों और रायबरेली जिले की सलोन और तिलोई तहसीलों को काटकर छत्रपति शाहूजी महाराज नगर नामक नया जिला बनाने की अधिसूचना एक जुलाई 2010 को जारी की थी। इसके खिलाफ बृजकिशोर वर्मा तथा अन्य ने इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिकाएं दायर की थी।

Monday, April 15, 2013

दो दर्जन अधिकारियों के एक दल ने उनके घर पर आकर लाल बत्ती उतारी


 समाजवादी पार्टी की सांसद जया प्रदा ने आज कहा कि कुछ सरकारी अधिकारियों ने उनकी गाड़ी से जबर्दस्ती लाल बत्ती हटा दी। सांसद ने मामले को संसद में उठाने की चेतावनी दी। उन्होंने दावा किया कि पुलिसकर्मियों सहित करीब दो दर्जन अधिकारियों के एक दल ने उनके घर पर आकर लाल बत्ती उतारी।

अभिनेत्री से नेत्री बनीं जया प्रदा ने कहा, ''अधिकारियों को मेरे घर नहीं आना चाहिए था। उन्हें मेरी गाड़ी की जांच सड़क पर करनी चाहिए थी।'' उन्होंने कहा, ''मैं मामले को संसद में उठाऊंगी।'' इसी जिले में जया प्रदा के होटल कक्ष में तीन मार्च को पुलिस की छापेमारी के बाद यह कार्रवाई हुई है।

पुलिस ने कहा था कि छापेमारी इस संदेह पर की गई कि पूर्व अभिनेत्री मतदाताओं के बीच बांटने के लिए काफी मात्रा में धन लेकर आई हैं। जया प्रदा भले ही एसपी की सांसद हैं लेकिन वह अमर सिंह से जुड़ी हुई हैं जिन्हें पार्टी ने निष्कासित कर दिया था।

Thursday, April 4, 2013

समस्याएं जटिल हैं और इसके जवाब भी जटिल हैं


उद्योग संगठन सीआईआई के सालाना सम्मेलन में कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय शासन व्यवस्था में भारी बदलाव की पैरवी की। उन्होंने कहा कि समस्याएं जटिल हैं और इसके जवाब भी जटिल हैं। कोई भी एक आदमी एक अरब लोगों की समस्याएं दूर नहीं कर सकता है, एक अरब लोगों को पावर दीजिए समस्याएं खुद-ब-खुद दूर हो जाएंगी। हालांक, ये बदलाव कैसे आएंगे, इसका कोई ठोस उपाय राहुल नहीं सुझा पाए।

अपने भाषण के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष ने परोक्ष रूप से बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपीए के शासनकाल में सबको साथ लेकर चलने की कोशिश हुई इसलिए प्रगति हुई। उन्होंने कहा कि अलगाव की राजनीति बंद होनी चाहिए।राहुल गांधी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री बनूंगा या नहीं, मैं शादी करूंगा या नहीं, ये सब अप्रासंगिक और गैरजरूरी सवाल हैं।

पहली बार कॉरपोरेट जगत से मुखातिब राहुल ने कहा कि 4000 हजार विधायक और 600-700 सांसद मिलकर देश को चला रहे हैं। इन करीब 5000 लोगों को 200-300 लोग चुनते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी राजनीतिक व्यवस्था सांसदों और विधायकों के लिए बनी है। हमें गांवों को साथ लेना होगा।